


रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां बीती रात छातामुड़ा बाईपास में संचालित होने वाले फूड कैफे , 247 कैफे में खुलेआम अपने ग्राहकों को शराब परोसे जाने का मामला सामने आया है जिसे मौके पर मौजूद एक जिम्मेदार नागरिक द्वारा अपने मोबाईल के कैमरे में कैद कर लिया गया। बता दें कि बीते कुछ सालों से छातामुड़ा बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के संचालक राजू गुप्ता द्वारा पेट्रोल पंप के अहाते में एक फूड कैफे 247 का संचालन किया जा रहा है जहां सुबह से लेकर पूरी रात अपने ग्राहकों को फास्ट फूड्स और मॉकटेल उपलब्ध कराता है लेकिन स्थानीय लोगों की मानें तो पिछले कुछ महीनों से इस फूड कैफे की गतिविधि संदिग्ध नजर आ रही थी और उन्हें यहां नियमित आने वाले ग्राहकों ने ही नाम न बताने की शर्त पर बताया था कि इस कैफे के संचालक द्वारा अपने खास ग्राहकों को रात्रि 11 बजे के बाद चुनिंदा ब्रांड्स की अंग्रेजी शराब और बीयर न सिर्फ उपलब्ध कराई जा रही है बल्कि बकायदा कैफे में बैठाकर शराब पिलाया भी जा रहा है जिसे कल देर रात एक नागरिक ने अपने मोबाईल के कैमरे में कैद कर लिया। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि कैफे में कार्यरत एक वेटर द्वारा अपने खास ग्राहकों को शराब परोसा जा रहा है।
यहां यह भी बताना लाजिमी होगा कि हाल में बीते 20 अक्टूबर को ऐसा ही एक मामला राजधानी रायपुर और कोरबा में भी सामने आया था जहां स्थानीय पुलिस ने उक्त ढाबा संचालक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई थी।


