Tuesday, April 14, 2026
HomeRaigarh Newsऔद्योगिक लापरवाही पर फूटा गुस्सा युवा कांग्रेस कल करेगी तालाबंदी हादसों में...

औद्योगिक लापरवाही पर फूटा गुस्सा युवा कांग्रेस कल करेगी तालाबंदी हादसों में मौतों से उबाल…..बार-बार हादसे जुर्माने के बाद भी नहीं सुधर रहे उद्योग…. विभागीय सुस्ती पर उठे सवाल…. श्रमिक सुरक्षा बना बड़ा मुद्दा

रायगढ़। जिले में लगातार हो रहे औद्योगिक हादसों ने अब एक गंभीर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे का रूप ले लिया है। उद्योगों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते आए दिन श्रमिकों और कर्मचारियों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं से आक्रोशित होकर युवा कांग्रेस ने अब खुला विरोध दर्ज कराने का फैसला लिया है। युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पाण्डेय ने घोषणा की है कि औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के खिलाफ कल तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

राकेश पाण्डेय का कहना है कि जिले में जिस तेजी से उद्योगों का विस्तार हो रहा है, उसी गति से दुर्घटनाओं का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। हर कुछ दिनों में किसी न किसी फैक्ट्री से हादसे और मौत की खबर सामने आ जाती है लेकिन इसके बावजूद न तो उद्योग प्रबंधन गंभीर नजर आता है और न ही जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कार्रवाई करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब मजदूरों की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है और उद्योग प्रबंधन केवल मुनाफे के पीछे भागते हुए सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर रहा है।

स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों का भी यही मानना है कि इन लगातार हो रहे हादसों के पीछे कहीं न कहीं विभागीय सुस्ती और लापरवाही बड़ी वजह है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह समय-समय पर निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करे लेकिन विभाग की निष्क्रियता के कारण उद्योगों में नियमों का पालन महज औपचारिकता बनकर रह गया है।

हालांकि जब भी कोई बड़ा हादसा होता है तब औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा जांच की जाती है और खामियां पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किए जाते हैं। इसके बाद श्रम विभाग द्वारा संबंधित उद्योगों पर जुर्माना भी लगाया जाता है लेकिन यह कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह जाती है। उद्योग प्रबंधन मामूली जुर्माना भरकर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो जाता है और फिर से उसी लापरवाही के साथ काम शुरू कर देता है। यही वजह है कि हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

युवा कांग्रेस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे श्रमिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मुद्दा बताया है। कल होने वाले विरोध प्रदर्शन के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के कार्यालय में ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!