Sunday, May 31, 2026
HomeRaigarh News42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सहायक उप निरीक्षक देव प्रसाद...

42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सहायक उप निरीक्षक देव प्रसाद चौहान हुए सेवानिवृत्त

🚨 पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने किया सम्मानित

🚨 कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के लिए पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई

🚨 कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों की सेवाएं सदैव प्रेरणा देती रहेंगी—एसएसपी शशि मोहन सिंह

     *31 मई, रायगढ़* । रायगढ़ पुलिस परिवार के लिए आज का दिन भावनात्मक रहा, जब सहायक उप निरीक्षक श्री देव प्रसाद चौहान अपनी अधिवर्षिकी आयु 62 वर्ष पूर्ण कर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे और उत्कृष्ट सेवा काल के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।

     श्री देव प्रसाद चौहान का लंबा कार्यकाल रहा है, वे मार्च 1984 को जिला पुलिस बल में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए । वे थाना कुनकुरी, बगीचा (वर्तमान जिला जशपुरनगर), थाना सारंगढ़, कोसीर (वर्तमान जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़), जिला रागयढ़ के थाना धरमजयगढ़, थाना कोतवाली, तमनार, पूंजीपथरा, जूटमिल, कोतरारोड एवं लैलूंगा में पदस्थ रहे। वर्तमान में वे थाना लैलूंगा में पदस्थ थे। सेवानिवृत्ति के अवसर पर कल थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं थाना स्टाफ द्वारा उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति उपहार भेंट कर स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

   आज पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा तथा डीएसपी उन्नति ठाकुर द्वारा श्री देव प्रसाद चौहान को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अपने लंबे सेवा काल की यादों को साझा करते हुए श्री देव प्रसाद चौहान भावुक हो उठे और पुलिस विभाग में बिताए गए वर्षों को अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताया।

   अपने संबोधन में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने श्री चौहान की दीर्घ एवं अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सेवा काल के दौरान पारिवारिक जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के कारण जिन इच्छाओं और रुचियों को समय नहीं दे पाए, अब वह समय उनके जीवन में नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने श्री चौहान को परिवार के साथ समय बिताने, घूमने-फिरने और जीवन के प्रत्येक क्षण का आनंद लेने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में यदि कभी पुलिस विभाग से संबंधित किसी प्रकार की आवश्यकता हो तो वे निसंकोच संपर्क कर सकते हैं। 
     कार्यक्रम में डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने श्री देव प्रसाद चौहान के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। सेवानिवृत्त श्री चौहान ग्राम बंजारी, चौकी अडभार जिला सक्ती के मूल निवासी है, उनके परिवार में धर्म पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्री हैं ।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश :

         *"पुलिस विभाग में वर्षों तक समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं देना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। श्री देव प्रसाद चौहान ने अपने कार्यकाल में कर्तव्यपरायणता और ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। रायगढ़ पुलिस परिवार उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करता है तथा उनके स्वस्थ, सुखद, समृद्ध और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता है।"*
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!